फरीदकोट में दिव्यांग महिला की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या, तेजधार हथियार से रेता गला

voice punjabtime
3 Min Read

 

स्थानीय मोहल्ला जानियां में सोमवार बाद दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दिव्यांग महिला की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर ने महिला का तेजधार हथियार से गला रेत दिया। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान नीतू कालड़ा(45) के रूप में हुई है, जो गृहिणी थीं और दिव्यांग थीं। उनके पति प्रदीप कुमार कालड़ा भी दिव्यांग हैं तथा सरकारी स्कूल में अध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। सोमवार बाद दोपहर जब प्रदीप ड्यूटी से घर लौटे तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद उन्होंने पड़ोस की महिलाओं को बुलाया।
जब पड़ोस की एक महिला ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो वह घबरा गई। बेडरूम में नीतू का शव खून से लथपथ पड़ा था। उनके गले पर तेजधार हथियार से वार किया गया था और पूरे कमरे में खून फैला हुआ था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मृतका के पति प्रदीप कुमार कालड़ा ने बताया कि वह सरकारी शिक्षक हैं, जबकि उनकी पत्नी गृहिणी थीं। दोनों दिव्यांग हैं और उनके दो बच्चे हैं, जो घटना के समय स्कूल गए हुए थे। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और न ही घर में ऐसा कोई कीमती सामान था, जिसके लिए हत्या की गई हो। ऐसे में इतनी बेरहमी से हत्या किए जाने की वजह समझ से परे है।

मौके पर पहुंचे डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार यह वारदात दोपहर करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच हुई है। अज्ञात हमलावर ने तेजधार हथियार से महिला की हत्या की है। पुलिस की टीमें सभी पहलुओं से जांच कर रही हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि गहन जांच के बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *