केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में बुधवार को पंजाब भर में विभिन्न किसान संगठनों ने रोष मार्च और प्रदर्शन किए। इसी कड़ी में मोगा में भी किसान नेता बलवंत सिंह ब्राह्मके की अगुवाई में किसानों ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसान यूनियन ब्राह्मके के प्रधान बलवंत सिंह ब्राह्मके ने कहा कि केंद्र सरकार की यह ट्रेड डील बड़े कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने वाली है और यह किसानों के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान संगठन इस ट्रेड डील का विरोध करते हैं और इसे लागू नहीं होने देंगे। वहीं किसान मजदूर संघर्ष यूनियन के नेता गुरदेव सिंह ने कहा कि किसानों की कई पुरानी मांगें आज भी लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अब तक स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू नहीं किया है और न ही किसानों को कानूनी गारंटी के साथ न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) देने का वादा पूरा किया है।प्रदर्शनकारी किसानों ने सरकार से किसानों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करने और किसानों के हितों की रक्षा करने की मांग की।

