बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के फार्मेसी पेपर लीक मामले को लेकर मोगा में भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोगा स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर पंजाब सरकार का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। इस प्रदर्शन की अगुवाई एडवोकेट परमिंदर सिंह बरार, प्रभारी पंजाब भाजपा युवा और पंजाब भाजपा के जनरल सेक्रेटरी ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। मीडिया से बातचीत करते हुए परमिंदर सिंह बरार ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया कभी पंजाब तो कभी दिल्ली में बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि पंजाब में पहले भी कई पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, लेकिन सरकार ने प्रभावी कदम नहीं उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं, जिससे कई छात्र घायल हुए हैं। हालांकि जब उनसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों, खासकर छात्राओं पर लाठीचार्ज को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस पर सीधा जवाब देने से परहेज किया और बात को टालते नजर आए।
बरार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले को लेकर गंभीर हैं, जबकि अन्य पार्टियां छात्रों के मुद्दे को सियासी रंग दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा हमेशा छात्रों के साथ खड़ी है।

