मोगा। थाना सिटी साउथ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 151 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अन्य आरोपियों को भी मामले में नामजद किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी डी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त के दौरान बाबा मल्लन शाह रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर शक के आधार पर दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 151 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महावीर उर्फ अजय और जगदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह नशीला पदार्थ भिंदरपाल सिंह, जगराज सिंह, बलविंदर सिंह, जसवीर सिंह और समनदीप सिंह से खरीदकर लाए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के साथ-साथ फरार चल रहे पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

