श्री कीरतपुर साहिब के समीप स्थित लोहंड खड्ड में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में चंडीगढ़ निवासी 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अभिषेक पुत्र रविंद्र कुमार, निवासी सेक्टर 25/20, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। वह अपने दो दोस्तों के साथ माता नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब में दर्शन व घूमने के लिए आया था।
जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने लोहंड खड्ड का मनमोहक दृश्य देखा और कुछ देर वहां रुक गए। इसके बाद तीनों ने खड्ड में नहाने का फैसला किया। जैसे ही अभिषेक पानी में उतरा, वह गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा।
अभिषेक के दोस्तों ने तुरंत शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
जांच अधिकारी एएसआई संजीव कुमार ने बताया कि मृतक के पिता रविंद्र कुमार के बयान के आधार पर धारा 174 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। उनका कहना है कि रूपनगर के डिप्टी कमिश्नर और एसडीएम श्री आनंदपुर साहिब पहले भी लोहंड खड्ड का दौरा कर चुके हैं। इसके बावजूद आज तक यहां ऐसे कड़े और प्रभावी सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए, जिनसे लोगों को खतरनाक स्थानों पर जाने और नहाने से रोका जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, प्रभावी निगरानी और सख्त सुरक्षा व्यवस्था की जाती, तो शायद इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सकता था।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि लोहंड खड्ड में पहले भी कई लोग डूबकर अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन हर घटना के बाद केवल आश्वासन ही मिलते हैं। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन स्थायी और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू नहीं करेगा, तब तक ऐसे हादसों का सिलसिला रुकना मुश्किल है।

