भगवान शिव के अत्यंत प्रिय एवं पवित्र मास सावन में स्थानीय प्रताप रोड पर स्थित सनातन धर्म प्राचीन शिव मंदिर में रुद्र महाभिषेक का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, गंगाजल, भांग, धतूरा, फल, फूल, बेलपत्र तथा मिठाई आदि अर्पित करते हुए भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय शिव शंभू के पावन जयकारों से लगातार गुंजायमान रहा। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पंडित कुणाल गर्गेश ने वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार विधिवत मंत्रोच्चारण करके महाभिषेक संपन्न करवाया। पंडित कुणाल गर्गेश ने सावन माह में रुद्र महाभिषेक का महत्व बताते हुए कहा कि सावन के महीने में शिव उपासना का विशेष फल मिलता है। इस दौरान शिवलिंग का अभिषेक करने से व्यक्ति के सभी कायिक और मानसिक कष्ट दूर हो जाते हैं तथा घर में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य का वास होता है। इस धार्मिक कार्यक्रम में कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष तथा पूर्व पार्षद साहिल अरोड़ा, सन्त्री अरोड़ा, ऋषु गोयल और गणेश का विशेष सराहनीय योगदान रहा। पूजा और आरती के समापन के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

