सावन माह के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर मोगा स्थित आई.एस.एफ. कॉलेज परिसर के दुर्गा मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन एवं पवित्र गंगाजल से अभिषेक किया गया। इस दौरान चेयरमैन प्रवीण गर्ग ने पंडित राम चंद्र शर्मा की अगुवाई में शिवलिंग पर पावन गंगाजल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजन-अर्चना के दौरान भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ भक्तिमय वातावरण में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर चेयरमैन प्रवीण गर्ग ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। इस पावन माह में श्रद्धा और विश्वास के साथ की गई पूजा-अर्चना से जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से भगवान शिव के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
फोटो: मोगा के आई.एस.एफ. कॉलेज स्थित दुर्गा मंदिर में सावन के प्रथम सोमवार पर पंडित राम चंद्र शर्मा की अगुवाई में शिवलिंग पर पावन गंगाजल अर्पित करते चेयरमैन प्रवीण गर्ग।

