मोगा के वार्ड नंबर 38 के प्रताप रोड, न्यू टाउन-1, न्यू टाउन, चैम्बर रोड, रेलवे रोड, पुरानी दाना मंडी तथा आसपास के क्षेत्रों में घरों में गंदे एवं दूषित पानी की सप्लाई आने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों में भी दिक्कत हो रही है। वार्ड नंबर 38 की नगर पार्षद डिंपल अरोड़ा ने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर 11 अगस्त को नगर निगम मोगा को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। इसके अलावा हाउस मीटिंग में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया है तथा डेली कंप्लेंट बुक में भी लगातार शिकायतें दर्ज करवाई जा रही हैं। इसके बावजूद अभी तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है। डिंपल अरोड़ा ने कहा कि दूषित पानी की समस्या केवल असुविधा का विषय नहीं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने नगर निगम से मांग की कि तत्काल संबंधित अधिकारियों की टीम मौके पर भेजकर पानी की पाइपलाइन और सीवरेज लाइन की जांच करवाई जाए तथा दूषित पानी की सप्लाई को तुरंत रोका जाए। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के साथ-साथ नगर निगम की ओर से लिखित अू३्रङ्मल्ल ळं‘ील्ल फीस्रङ्म१३ भी उपलब्ध करवाई जानी चाहिए, ताकि लोगों को यह पता चल सके कि शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई है। पूर्व नगर पार्षद साहिल अरोड़ा ने भी कहा कि न्यू टाउन सहित वार्ड के लोगों को लंबे समय से इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व पर जब देश स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, ऐसे में शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाना स्थानीय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए।

