राइस ब्रान डीलर एसोसिएशन की ओर से 29 अगस्त को पुरानी दाना मंडी, मोगा में करवाए जा रहे 30वें विशाल भगवती जागरण की तैयारियों को लेकर आज एसोसिएशन के प्रधान राकेश गोयल की अगुवाई में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में जागरण की तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ-साथ विभिन्न व्यवस्थाओं एवं सदस्यों को सौंपी जाने वाली जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता जगदीश मित्तल, मोहन लाल गोयल, राकेश गोयल एवं प्रदीप काका ने संयुक्त रूप से की, जबकि टीम का नेतृत्व स्टार प्रचारक राकेश सितारा ने किया। बैठक के दौरान पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जागरण को सफल बनाने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की तथा शेष व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने संबंधी जिम्मेदारियां निर्धारित कीं।
इस मौके पर पदाधिकारियों ने बताया कि 29 अगस्त को पुरानी दाना मंडी में आयोजित होने वाले इस विशाल भगवती जागरण में भजन सम्राट मनी लाडला एवं प्रसिद्ध भजन गायिका अंजलि द्विवेदी मां भगवती के भजनों का गुणगान करेंगे। दोनों कलाकार अपनी मधुर आवाज में मां भगवती की महिमा का गायन कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। पदाधिकारियों ने बताया कि जागरण को लेकर संस्था द्वारा तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। हिमाचल प्रदेश से मां भगवती की पावन ज्योति जागरण से सात दिन पूर्व अमित मित्तल के निवास स्थान पर लाई जाएगी, जहां विधिवत झंडा पूजन किया जाएगा। इसके बाद धार्मिक परंपराओं के अनुसार जागरण संबंधी कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा। इस बैठक में जागरण स्थल की व्यवस्था, श्रद्धालुओं के बैठने, सेवा कार्यों, प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न प्रबंधों पर चर्चा की गई। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जागरण को श्रद्धा एवं भव्यता के साथ करवाने के लिए सभी सदस्य मिलकर कार्य कर रहे हैं एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे परिवार सहित 29 अगस्त को पुरानी दाना मंडी में पहुंचकर मां भगवती के भजनों का आनंद लें और मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करें। इस अवसर पर सचिव रमन बब्बर, खजांची दिनेश जिंदल, कृष्ण तायल, गौरव जैन, रमन मक्कड़, वेद गर्ग, महेश गोयल, पुनीत जिंदल, परवीन गोयल, मंगत राय बांसल, अजय कथूरिया, गगनदीप मित्तल, आनंद जैन, अमित मित्तल , प्रेम जिंदल, Jatin Goyal,ऋषि गर्ग, सुमेश मित्तल, रोहित जिंदल सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

