नई इनोवा की आरसी न बनने से परेशान ग्राहक का अनोखा विरोध, बैल से खिंचवाई नई गाड़ी

voice punjabtime
2 Min Read

 

नई इनोवा गाड़ी खरीदने के करीब पांच महीने बाद भी रजिस्ट्रेशन न होने से परेशान एक ग्राहक ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। मोगा निवासी दविंदरपाल सिंह ने अपनी नई इनोवा गाड़ी पर चारा लादकर आईजीएम टोयोटा कंपनी के बाहर बैल से गाड़ी खिंचवाकर विरोध जताया। इसके बाद उन्होंने जीटी रोड से लेकर मोगा शहर तक बैल से गाड़ी खिंचवाते हुए प्रदर्शन किया। दविंदरपाल सिंह के अनुसार, उन्होंने करीब पांच महीने पहले 31 लाख 30 हजार रुपये में इनोवा गाड़ी बुक करवाई थी। इसके कुछ समय बाद एजेंसी की ओर से गाड़ी की कीमत बढ़ने की बात कही गई, जिसके चलते उन्होंने करीब 54 हजार रुपये अतिरिक्त भी जमा करवाए। इसके बावजूद उनकी गाड़ी की आरसी नहीं बन सकी। उन्होंने बताया कि आरसी बनवाने के लिए जब वह चंडीगढ़ स्थित आरटीओ कार्यालय पहुंचे तो वहां अधिकारियों ने बिलिंग राशि और आरटीओ रिकॉर्ड में दर्ज राशि में अंतर होने की बात कही। अधिकारियों ने बताया कि जब तक बिलिंग में सुधार नहीं किया जाता, तब तक गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नहीं हो सकता। दविंदरपाल सिंह का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कंपनी और एजेंसी के अधिकारियों से कई बार संपर्क किया, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि मोगा में संबंधित एजेंसी की बिलिंग व्यवस्था नहीं होने के कारण बिलिंग लुधियाना से की जाती है, जिसके चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दविंदरपाल सिंह ने बताया कि कथित तौर पर एजेंसी के एक कर्मचारी ने उन्हें यह कह दिया कि अब गाड़ी पर चारा ही ढो लो। इसी बात से आहत होकर उन्होंने नई इनोवा पर चारा लादकर बैल से गाड़ी खिंचवाते हुए अपना विरोध जताया। ग्राहक ने कंपनी और एजेंसी से जल्द बिलिंग संबंधी समस्या दूर कर गाड़ी की आरसी बनवाने की मांग की है। वहीं, इस मामले में एजेंसी या कंपनी का पक्ष अभी सामने नहीं आया है

।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *