शहर की प्रमुख शिक्षण संस्था द लर्निंग फील्ड ए ग्लोबल स्कूल (टी.एल.एफ) मोगा की स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन प्रवीण गर्ग, चेयरमैन इंजी. जनेश गर्ग व डायरेक्टर डा.मुस्कान गर्ग के दिशा-निर्देशों पर आज स्कूल द्वारा विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘टीएलएफ ग्रीन वॉरियर्स’ अभियान शुरू किया गया है। यह छात्र-नेतृत्व वाला अभियान कचरे में कमी लाने, ऊर्जा संरक्षण और अधिक से अधिक पौधारोपण को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है। इस मौके पर स्कूल के चेयरमैन इंजी. जनेश गर्ग ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में से एक है। स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण केवल हमारे लिए ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य के लिए भी जरूरी है। हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल सुनिश्चित करनी चाहिए। जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग और स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। यदि प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए छोटा-सा प्रयास करे, तो हम मिलकर प्रदूषण को कम करने और हरित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।” उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का कम से कम इस्तेमाल करने, कचरे को अलग-अलग करने, पुरानी वस्तुओं का पुनः उपयोग करने तथा आवश्यकता न होने पर लाइट और पंखे बंद रखने जैसी जिम्मेदार आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थी पौधारोपण अभियानों में भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इस दौरान ग्रीन वॉरियर्स विद्यार्थियों के बीच स्वच्छता, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैला रहे हैं। पौधारोपण गतिविधियों के माध्यम से स्कूल परिसर को अधिक हरा-भरा एवं स्वस्थ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह, नेतृत्व क्षमता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की सराहना करते हुए उन्हें इस संदेश को स्कूल परिसर से आगे अपने घरों और समुदाय तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। चेयरमैन इंजी. जनेश गर्ग ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास जब युवा सोच और नेतृत्व के साथ किए जाते हैं, तो उनका प्रभाव बहुत बड़ा हो सकता है। ‘टीएलएफ ग्रीन वॉरियर्स’ केवल पौधे नहीं लगा रहे, बल्कि एक टिकाऊ और हरित भविष्य के बीज भी बो रहे हैं।

