समाज में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए लायंस क्लब शहरी मोगा द्वारा सोशल वेलफेयर क्लब के सहयोग से जरूरतमंद महिलाओं के लिए स्व : रोजगार योजना शुरू की गई है। इस संयुक्त प्रकल्प के तहत लायंस क्लब की ओर से चार सिलाई मशीनें प्रदान की गई हैं। इन मशीनों का संचालन और प्रशिक्षण कार्य सोशल वेलफेयर क्लब के अनुभवी मार्गदर्शन में किया जाएगा, क्योंकि सोशल वेलफेयर क्लब द्वारा इस प्रोजेक्ट पर बहुत पहले से ही काम किया जा रहा है । इस अवसर पर मुख्य मेहमान की भूमिका निभा रहे आई.एस.एफ.कालेज आफ फार्मेसी के चेयरमैन प्रवीण गर्ग ने दोनों संस्थाओं की कार्य प्रणाली पर सन्तोष व्यक्त करते हुए कहा कि बेशक लायंस क्लब एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है और इनके पास अपने प्रोजैक्ट्स के लिए फंड्स की कोई कमी नहीं है , लेकिन इन्होंने सोशल वेलफेयर क्लब रजिस्टर्ड मोगा के साथ खड़े हो कर एक बड़े भाई की भूमिका अदा की है, जो सराहनीय है । संयुक्त प्रकल्प से अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं को इसका लाभ मिल सकेगा। इस अवसर पर लायंस क्लब सिटी मोगा के अध्यक्ष सुरिंदरजीत सिंह ने कहा कि हम सोशल वेलफेयर क्लब द्वारा चलाए जा रहे सिलाई केन्द्रों से बहुत प्रभावित हुए हैं जो बच्चिओं को आत्मनिर्भर बनाने के सन्दर्भ में एक बहुत अच्छा प्रकल्प है । “सोशल वेलफेयर क्लब रजिस्टर्ड मोगा पिछले काफी लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है , इनके अनुसार ये दो सिलाई केन्द्र चला रहे है ताकि महिलाओं को आत्म निर्भर बनाया जा सके । हमें गर्व है कि हम उनके साथ मिलकर इस सेवा कार्य में सहभागी बन रहे हैं। वहीं सोशल वेलफेयर क्लब के अध्यक्ष ओ.पी.कुमार ने कहा कि “लायंस क्लब सिटी मोगा का यह सहयोग महिला सशक्तिकरण की हमारी मुहिम को और मजबूती देगा। दोनों क्लब मिलकर समाज के लिए और भी ऐसे रचनात्मक कार्य करते रहेंगे। इस दौरान सतिंदरजीत सिंह सोढ़ी, एडवोकेट डॉ. अजीत पाल सिंह , हरपाल सिंह मक्कड़ , प्यारा सिंह चहल, झलमन दास, अजय सिंगला, अशोक नरूला, राजविंदर सिंह, कमलजीत सिंह, परमजीत सिंह, रशपाल सिंह, पवन कुमार आदि सदस्य मौजूद थे।

