द लर्निंग फील्ड-ए ग्लोबल स्कूल में उत्साह व उमंग से मनाया शिक्षक दिवस

voice punjabtime
3 Min Read

-शहर की प्रमुख शिक्षा संस्था द लर्निंग फील्ड-ए ग्लोबल स्कूल, मोगा में शिक्षक दिवस बड़े उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षकों के अमूल्य योगदान के प्रति आभार व्यक्त करना था। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षकों को उनकी मेहनत, लगन, ईमानदारी और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। शिक्षकों को उनकी शानदार सेवाओं एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान के लिए ट्रॉफियां प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह के दौरान शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें स्टाफ सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत किए गए शानदार नृत्य कार्यक्रम ने समारोह में चार चांद लगा दिए। हंसी-खुशी और मनोरंजन से भरपूर माहौल में शिक्षकों ने इन गतिविधियों का खूब आनंद लिया। स्कूल के चेयरमैन इंजीनियर जनेश गर्ग ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक अच्छा शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि उनमें अनुशासन, संस्कार, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत और समर्पण का परिणाम विद्यार्थियों की सफलता के रूप में सामने आता है। स्कूल की डायरेक्टर डॉ. मुस्कान गर्ग ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और रोल मॉडल होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है और एक समर्पित शिक्षक उस प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी शिक्षकों की मेहनत एवं समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की बधाई दी।

स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती नीतू डांडी, डीन श्रीमती रविंदर कौर और हेडमिस्ट्रेस श्रीमती सोनिया ने भी शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह ने शिक्षकों को अपने व्यस्त कार्य से कुछ समय निकालकर आपसी मेल-जोल बढ़ाने और खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन खुशी, उत्साह और आपसी भाईचारे की भावना के साथ हुआ। समारोह के बाद शिक्षकों में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *