शिक्षा ही समाज और देश की दिशा बदलने का सशक्त माध्यम : डॉ. हरजोत कमल

voice punjabtime
3 Min Read

 

मोगा। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने जिले सहित पंजाब और देशभर के समस्त शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने का कार्य ही नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कारों तथा उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि शिक्षा ही एक ऐसा सशक्त माध्यम है, जो समाज और देश की दिशा एवं दशा बदलने की क्षमता रखता है। किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार उसकी शिक्षा व्यवस्था और शिक्षित युवा होते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ-साथ अनुशासन, ईमानदारी, मेहनत, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी प्रदान करते हैं। उन्होंने मोगा जिले के स्टेट टीचर अवार्ड प्राप्त करने वाले ऋषि मनचंदा एवं बलदेव राम तथा यंग टीचर अवार्ड प्राप्त करने वाले इंद्रजीत सिंह एवं जगप्रीत सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

उन्होंने कहा कि भारत की महान शिक्षा परंपरा में गुरु और शिक्षकों का स्थान हमेशा सर्वोच्च रहा है। शिक्षक दिवस हमें उन सभी शिक्षकों के योगदान को याद करने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है, जिन्होंने अपने ज्ञान और मार्गदर्शन के माध्यम से लाखों विद्यार्थियों के जीवन को नई दिशा प्रदान की है।

 

डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि आज के बदलते दौर में शिक्षकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस युग में विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कारों, संस्कृति और मानवीय मूल्यों से जोड़ना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने शिक्षक वर्ग से अपील की कि वे विद्यार्थियों को केवल रोजगार प्राप्ति के लिए ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, संवेदनशील और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करें।

 

उन्होंने कहा कि देश के भविष्य का निर्माण कक्षाओं में होता है और इस निर्माण में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। एक योग्य और समर्पित शिक्षक अपने विद्यार्थियों के जीवन में ऐसा सकारात्मक बदलाव ला सकता है, जिसका प्रभाव पूरी पीढ़ी और समाज पर दिखाई देता है।

 

अंत में डॉ. हरजोत कमल ने समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षक वर्ग द्वारा दिए जा रहे अमूल्य योगदान के लिए समस्त शिक्षकों का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *