श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा करवाए जा रहे विशेष समागमों की श्रृंखला के तहत सरकारी आई.टी.आई., मोगा में करवाया गया ड्रोन शो संगत के लिए आकर्षण का केंद्र बना। रात के समय आसमान में सैकड़ों रोशन ड्रोन के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, बाणी और महान विचारधारा की मनमोहक प्रस्तुति की गई।
ड्रोन शो के दौरान आसमान में उभरी रोशन आकृतियों के माध्यम से गुरु जी के समानता, भाईचारे, सांझीवालता, दया और मानव सम्मान के संदेश को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुरु जी की विचारधारा को प्रस्तुत करने के इस प्रयास ने विशेष रूप से युवाओं का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर ढाडी जत्थे द्वारा ढाडी वारों के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, शिक्षाओं तथा समानता और भाईचारे के संदेश को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। ढाडी वारों की गूंज और आसमान में चमकती रोशन आकृतियों ने समागम को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया।
इस अवसर पर मोगा विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, मेयर विनयपाल कौर, एस.एस.पी. सरताज सिंह चहल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जसपिंदर सिंह, एस.डी.एम. सतविंदरपाल रणीके तथा विभिन्न नेता, धार्मिक शख्सियतें और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की बाणी समूची मानवता को समानता, भाईचारे और आपसी सम्मान का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि ड्रोन शो जैसे अनूठे प्रयासों के माध्यम से गुरु जी की महान विचारधारा को आधुनिक तकनीक के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर श्री सागर सेतिया ने बातचीत करते हुए कहा कि गुरु जी का जीवन और बाणी समूची मानवता को समानता, सांझीवालता और मानव सम्मान के साथ जीवन व्यतीत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संगत की सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधों को ध्यान में रखते हुए समागम को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए उचित प्रबंध किए गए।
सरकारी आई.टी.आई. में बड़ी संख्या में पहुंची संगत ने आसमान में उभरते रोशन दृश्यों को श्रद्धा और उत्साह के साथ निहारा। समागम के दौरान संगत की सुविधा के लिए सुरक्षा और यातायात के भी पुख्ता
प्रबंध किए गए।

