मोगा SKM गैर-राजनीतिक मोर्चे के आव्हान पर शनिवार को BKU एकता सिद्धूपुर की ओर से अपने मांगों को लेकर पंजाब और केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया गया। जिला डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के गेट के सामने जिला प्रधान लवजीत सिंह दद्दाहूर के नेतृत्व में किसानों ने सरकार के पुतले फूंके और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान किसान नेता लवजीत सिंह दद्दाहूर ने पंजाब सरकार पर किसानों के साथ धक्केशाही करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों का समाधान नहीं कर रही। दद्दाहूर ने खनौरी और शंभू मोर्चों से संबंधित सामान के नुकसान और चोरी के मामले में 3 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि जारी करने तथा कथित तौर पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने सरकार से पांच फसलों पर MSP देने के वादे को पूरा करने की मांग भी उठाई।
किसान नेता ने को-ऑपरेटिव और लैंड मॉर्गेज बैंकों के सामने चल रहे धरनों के दौरान उठाई जा रही मांगों को पूरा करने, चेक वापसी और सेटलमेंट स्कीम लागू करने तथा पंजाब में किसानों और आम लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर रोक लगाने सहित कई अन्य मांगें भी रखीं।
प्रदर्शन के दौरान दद्दाहूर ने पंजाब में नशे के मुद्दे का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का विरोध करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों और आम लोगों को सरकार से सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। 2027 के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए लवजीत सिंह दद्दाहूर ने कहा कि आने वाले समय में गांवों में वोट मांगने के लिए आने वाले मंत्रियों और विधायकों से किसान अपनी मांगों और सरकार के कामकाज को लेकर सवाल करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
BKU एकता सिद्धूपुर के नेताओं ने कहा कि संगठन की ओर से पहले भी किसान मांगों को लेकर पंजाब में विभिन्न आंदोलन किए गए हैं। सितंबर में जेल भरो आंदोलन भी चलाया गया था। इस दौरान शंभू और खनौरी मोर्चों से संबंधित सामान के नुकसान के मुआवजे सहित अन्य मांगें उठाई गई थीं।

