मोगा के थाना धर्मकोट पुलिस ने गांव जिंदड़ा में अवैध खनन के मामले में एक व्यक्ति समेत 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से एक जेसीबी मशीन तथा रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है। जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर करीब दोपहर 1:45 बजे माइनिंग विभाग के जेई-कम-माइनिंग इंस्पेक्टर साहिल कुमार की शिकायत पर कार्रवाई की गई। शिकायत के अनुसार, विभाग को गांव जिंदड़ा में अवैध माइनिंग किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद माइनिंग विभाग की टीम ने मौके पर चेकिंग की।
जांच के दौरान टीम ने देखा कि एक जेसीबी मशीन खड्ड से रेत निकालकर गांव जिंदड़ा निवासी गुरमीत सिंह उर्फ बाबा के घर की ओर ले जा रही थी। वहीं, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से निकाली गई रेत लोड करके गुरमीत सिंह के घर के पास खड़ी की गई थी। मौके पर पुलिस पार्टी के पहुंचने से पहले ही अवैध खनन में शामिल कुछ व्यक्ति वहां से फरार हो गए। पुलिस ने खड्ड में मौजूद एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया, जिसमें अवैध रूप से निकाली गई रेत लदी हुई थी। पुलिस ने इस संबंध में गुरमीत सिंह उर्फ बाबा निवासी जिंदड़ा तथा 8 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 303(2), 112 बीएनएस तथा धारा 21(1), 21(4) माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

