शहर की प्रमुख शिक्षण संस्था द लर्निंग फील्ड ए ग्लोबल स्कूल (टी.एल.एफ) मोगा के कक्षा पांचवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थी परीक्षाओं के सफल समापन के बाद 30 सितंबर से 3 अक्तूबर 2026 तक पालमपुर और मैक्लोडगंज के रोमांचक एवं ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण पर गए हैं। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलकर प्रकृति, संस्कृति और नए अनुभवों से रूबरू करवाना है। भ्रमण का नेतृत्व स्कूल के चेयरमैन इंजीनियर जनेश गर्ग कर रहे हैं। उनके साथ डीन एकेडमिक्स सुश्री रविंदर कौर तथा स्कूल के अन्य समर्पित स्टाफ सदस्य भी मौजूद हैं, जो विद्यार्थियों की यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। भ्रमण के पहले दिन विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। परीक्षा के व्यस्त कार्यक्रम के बाद यह यात्रा उनके लिए तनावमुक्त होने, मित्रों के साथ समय बिताने और सामूहिक रूप से नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर बनी। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने हंसी-मजाक, बातचीत और उत्साह के साथ सफर का आनंद लिया तथा हिमालय की खूबसूरत वादियों को करीब से देखने के लिए उत्सुक नजर आए। इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थी पालमपुर के हरे-भरे चाय बागानों, प्राकृतिक सुंदरता और पर्वतीय दृश्यों का आनंद लेने के साथ-साथ मैक्लोडगंज की तिब्बती विरासत, मठों तथा आध्यात्मिक वातावरण से भी परिचित होंगे। दोनों स्थान विद्यार्थियों को प्राकृतिक सौंदर्य, स्थानीय संस्कृति और विविध परंपराओं को समझने का अवसर प्रदान करेंगे। इस मौके पर स्कूल के चेयरमैन प्रवीण गर्ग, चेयरमैन इंजी. जनेश गर्ग व डायरेक्टर डा.मुस्कान गर्ग ने कहा कि इस प्रकार की यात्राएं विद्यार्थियों के लिए केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि इनके माध्यम से उनमें स्वतंत्रता, आत्मनिर्भरता, सहयोग, सामाजिक व्यवहार, परिस्थितियों के अनुरूप ढलने की क्षमता तथा प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। सामूहिक यात्रा के दौरान विद्यार्थी एक-दूसरे के साथ संवाद करते हुए टीम भावना और आपसी सहयोग भी सीखते हैं। चेयरमैन इंजी. जनेश गर्ग ने कहा कि द लर्निंग फील्ड ए ग्लोबल स्कूल में यह विश्वास किया जाता है कि पूरी दुनिया अपने आप में एक विशाल कक्षा है। प्रत्येक यात्रा विद्यार्थियों के ज्ञान के दायरे को विस्तृत करती है, हर अनुभव उनके व्यक्तित्व को निखारता है और जीवन का कोई न कोई महत्वपूर्ण पाठ सिखाता है। इसी सोच के तहत विद्यार्थियों को नियमित रूप से अनुभवात्मक अधिगम के अवसर प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पहले दिन की यात्रा विद्यार्थियों के लिए एक-दूसरे के साथ समय बिताने, परीक्षा के बाद तरोताजा होने और नई यादें संजोने का अवसर बनी। आगामी दिनों में पालमपुर और मैक्लोडगंज की यात्रा विद्यार्थियों के लिए प्रकृति, संस्कृति, रोमांच और सीखने का यादगार संगम साबित होगी।

