विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने ‘मेरा घर, मेरे नाम’ योजना के तहत ग्रामीणों को सौंपे मालिकाना हक के दस्तावेज 

voice punjabtime
2 Min Read

 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा लोगों को उनके घरों का कानूनी मालिकाना हक दिलाने के उद्देश्य से चलाई जा रही ‘मेरा घर, मेरे नाम’ योजना के तहत गांव जोगेवाला में लाल लकीर के अंदर आने वाले मकान मालिकों को उनके मालिकाना हक की रजिस्ट्रियां सौंपी गईं। इस अवसर पर मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने विशेष रूप से शिरकत करते हुए लाभार्थियों को दस्तावेज सौंपे। इस अवसर पर गांव की सरपंच जसपाल कौर तथा ग्राम पंचायत के सदस्य निर्मल सिंह और दिलबाग सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि ‘मेरा घर, मेरे नाम’ योजना पंजाब सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से लंबे समय से अपने घरों में रह रहे लोगों को उनके मकानों का कानूनी मालिकाना हक उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाल लकीर के अंदर रहने वाले परिवारों के लिए यह रजिस्ट्री केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि उनके घर पर उनके अधिकार की कानूनी पुष्टि है। डॉ. अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने घरों के मालिकाना हक के दस्तावेज मिलने से उन्हें भविष्य में अपने मकान से संबंधित विभिन्न कार्यों में सुविधा मिलेगी और उनके अधिकार और अधिक सुरक्षित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास और जनकल्याण की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इस अवसर पर लाभार्थी परिवारों ने अपने घरों की रजिस्ट्रियां मिलने पर पंजाब सरकार और विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिस मालिकाना हक के दस्तावेज का इंतजार था, वह अब उन्हें प्राप्त हुआ है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *