: शारदीय नवरात्र के पावन पर्व के उपलक्ष्य में अनमोल वेलफेयर क्लब मोगा सिटी की ओर से पुरानी दाना मंडी में 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 10 दिवसीय विशाल धार्मिक समारोह ‘मेले मैया दे’ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस भव्य और ऐतिहासिक आयोजन को लेकर पूरे शहर में भक्ति का माहौल है। विशेष रूप से महिलाओं में इस धार्मिक उत्सव को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। समारोह की पूर्व संध्या पर बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने मां भगवती के स्वागत स्वरूप अपने हाथों पर सुंदर मेहंदी लगवाने को लेकर भारी उत्साह दिखा। इस सबंध में जानकारी देते हुए क्लब के अध्यक्ष राजेश अरोड़ा ने बताया कि आज 10 अक्तूबर को देश के 26 प्रमुख शक्तिपीठों व धामों से लाई जा रही पावन ज्योतियां मोगा शहर में प्रवेश करेंगी। इस बार सबसे बड़ा आकर्षण नेपाल स्थित सुप्रसिद्ध मां गजेश्वरी देवी की पावन ज्योति है, जो इतिहास में पहली बार मोगा पहुंच रही है। इन सभी पावन ज्योतियों के नगर आगमन पर आज स्थानीय गीता भवन से एक भव्य व विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख बाजारों और मार्गों से होकर गुजरेगी, जहां जगह-जगह शहरवासियों व धार्मिक संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा कर ज्योतियों का स्वागत किया जाएगा। शोभायात्रा के समापन पर सभी ज्योतियों को पुरानी दाना मंडी स्थित विशाल पंडाल में विधिवत स्थापित किया जाएगा। राजेश अरोड़ा ने आगे बताया कि मुख्य समारोह 11 अक्तूबर से शुरू होकर 20 अक्तूबर तक चलेगा। इस दौरान रोजाना शाम 7:00 बजे से लेकर रात 11:00 बजे तक भव्य माता की चौकी सजाई जाएगी, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा मां भगवती का गुणगान किया जाएगा। समारोह स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, सुरक्षा और पेयजल आदि के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी भक्त को परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि यह मोगा वासियों के लिए परम सौभाग्य की बात है कि उन्हें एक ही छत के नीचे मां चिंतपूर्णी, ज्वाला जी, वैष्णो देवी, कांगड़ा देवी, चामुंडा देवी, नैना देवी और नेपाल की मां गजेश्वरी देवी सहित 26 पावन ज्योतियों के साक्षात दर्शन करने का अवसर मिलेगा। क्लब के पदाधिकारियों ने समस्त शहरवासियों और सामाजिक संस्थाओं से अपील की है कि वे आज निकलने वाली शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और आगामी 10 दिनों तक चलने वाले इस महाकुंभ में सपरिवार पहुंचकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करें।

