आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दलजीत राजू को एक बार फिर गैंगस्टरों की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। गैंगस्टरों ने 6 बार वॉइस मैसेज भेजकर कहा है कि पंजाब पुलिस उन्हें नहीं बचा सकती। चाहे वह मुख्यमंत्री के पास चले जाएं या डीजीपी के पास, कोई भी उन्हें नहीं बचा पाएगा। दलजीत राजू के परिवार और दोस्तों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने वालों ने कहा कि वे दलजीत राजू को इतना नुकसान पहुंचाएंगे जिसे वह जिंदगी भर याद रखेंगे। मैसेज में यह भी कहा गया है कि अगले 20 दिनों के भीतर उनके परिवार या किसी करीबी दोस्त को निशाना बनाया जा सकता है।
गौरतलब है कि 26-27 नवंबर 2025 की दरमियानी रात को फगवाड़ा के गाँव दरवेश पिंड में ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ कोआर्डिनेटर तथा आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दलजीत राजू के घर अज्ञात हमलावरों ने घर को निशाना बनाते हुए 20–25 राउंड गोलियां चलाई थीं और 15 जनवरी को कपूरथला जिले के एसएसपी गौरव तूरा ने फगवाड़ा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया था कि दलजीत राजू पर फायरिंग करने वालों की पहचान कर ली गई है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसएसपी कपूरथला के इस बयान के बाद ही दलजीत राजू को फिर से धमकी भरे मैसेज मिलने शुरू हो गए।
क्या साईबर सैल भी पता नहीं लगा सका?
सवाल ये भी है कि क्या पंजाब पुलिस का साइबर सेल अभी तक यह पता नहीं लगा पाया है कि धमकी भरे वॉइस मैसेज कहां से और किसके द्वारा भेजे जा रहे हैं? गैंगस्टरों को यह भी जानकारी है कि दलजीत राजू ने पुलिस सुरक्षा ले रखी है, क्योंकि धमकी देने वालों ने अपने मैसेज में कहा है कि वे सुरक्षा के बावजूद दलजीत राजू के परिवार या दोस्तों में से किसी को भी मार सकते हैं।
लोगों में दहशत, यदि आप नेता ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता का क्या?
फगवाड़ा के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों की जुबान पर बस केवल एक ही सवाल है कि जब आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता किससे सुरक्षा की उम्मीद रखे? पिछले लगभग तीन महीने में फगवाड़ा में गुंडागर्दी का ऐसा नाच देखने को मिल रहा है कि लोगों का पुलिस पर से विश्वास उठता जा रहा है। फगवाड़ा के अलग-अलग इलाकों में आपराधिक लोग गैंग बना कर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं जिन्हें पकड़ने में फगवाड़ा पुलिस नाकाम साबित हो रही है।

