फगवाड़ा-लुधियाना हाईवे पर गांव चाचोकी के नजदीक एक कार और टाटा 407 में हुई भयानक टक्कर में कार में सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों मृतकों की पहचान 23 वर्षीय साहिल मुहम्मद पुत्र कश्मीर मुहम्मद, 20 वर्षीय दलजीत भट्टी पुत्र अवतार चंद, 17 वर्षीय अवतार मेहमी पुत्र देस राज मेहमी निवासी मुठड्डा कलां, थाना फिल्लौर जिला जालंधर के रूप में हुई है। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में ले जाया गया है। जबकि टाटा 407 के घायल चालक विजय कुमार पुत्र मीत राम निवासी लाडोवाल को इलाज के लिए फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बारे में जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा फोर्स के पुलिस अधिकारी मक्खन सिंह ने बताया कि तीनों मृतक ईटियोस कार नंबर पीबी10डीएस5210 में फगवाड़ा से फिल्लौर की तरफ जा रहे थे। ओवर स्पीड होने के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलटियां खाती हुई फिल्लौर की तरफ से फगवाड़ा की तरफ आ रहे टाटा 407 से टकरा गई। इस टक्कर के कारण टाटा 407 चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि कार सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

