नगर कौंसिल एम्प्लॉई एक्शन कमेटी पंजाब ने आगामी संघर्ष को लेकर रणनीति तैयार कर ली है। इसी संबंध में नगर कौंसिल जगराओं में सफाई सेवक यूनियन पंजाब के डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट अरुण गिल की मौजूदगी में एक अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वाटर सप्लाई, सीवरेज ब्रांच, इलेक्ट्रीशियन, पंप ऑपरेटर, फायर ब्रिगेड, सैनिटेशन, अकाउंट ब्रांच, टैक्स ब्रांच और क्लेरिकल स्टाफ समेत विभिन्न ब्रांचों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
प्रेसिडेंट अरुण गिल ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा पैनल मीटिंग बार-बार टालने से कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने बताया कि विरोध स्वरूप 11 और 12 मार्च को पंजाब सरकार के पुतले जलाए जाएंगे और 10 साल की पॉलिसी की कॉपियां भी जलाकर प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब एक्शन कमेटी के पदाधिकारियों के आदेश पर 06 मई 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया गया है। सभी ब्रांचों के प्रतिनिधियों ने आने वाले संघर्ष में पूरी ताकत से भाग लेने और कर्मचारियों की मांगों के लिए एकजुट रहने का भरोसा दिया।
अरुण गिल ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक कर्मचारियों की वाजिब मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि हालात ऐसे ही रहे तो यह मुद्दा 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों में भी सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।
बैठक में सचिव राजिंदर कुमार, उपाध्यक्ष सनी सुंदर, सीवरमैन अध्यक्ष राज कुमार, बलविंदर कल्याण, डिंपल, क्लेरिकल स्टाफ से नवजीत कौर, गगन खुल्लर, अमन कौर, विशाल टंडन, हरदीप ढोलन, दविंदर सिंह, दविंदर सिंह गरचा, तारक बजाज, गुरप्रीत सिंह, फायर ब्रिगेड से दीप सिंह, तीरथ सिंह, हाकम सिंह, जगमोहन सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

