जालंधर। थाना-5 के अंतर्गत आते थिंद एंक्लेव में बच्चों के मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसियों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने अपने साथियों को बुलाकर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। पीड़ित महिला के अनुसार, उसका पोता अपनी बुआ के घर आया हुआ था। इसी दौरान युवकों ने उस पर दातर से वार कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। घायल बच्चे की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मनी नामक व्यक्ति ने बताया कि गली में खेल रहे बच्चों को लेकर झगड़ा शुरू हुआ था। आरोप है कि ध्रुव नामक युवक ने दर्जनभर साथियों को मौके पर बुलाया। उनके पास तलवार और जिम की रॉड थी, जिन्हें बाद में लोगों ने बरामद कर लिया। हमलावरों ने गमलों से भी हमला किया और पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। वारदात के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए
परिवार का कहना है कि जाते समय आरोपी दोबारा धमकियां देकर गए। करण नामक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि पहले 6 वर्षीय गुड़िया की पिटाई की गई और जब उसने देर रात घर पहुंचकर इस बारे में पूछताछ की, तो दूसरे पक्ष ने दोबारा हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी परिवार घर पर ताला लगाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना-5 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, बच्चों के विवाद को लेकर झगड़ा हुआ है। घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से तलवार और रॉड बरामद कर ली गई है। पुलिस ने कहा कि परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

