जालंधर। थाना पतारा क्षेत्र के गांव चांदपुर में खड़ी कार को शरारती तत्वों द्वारा आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना को दो साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने अब गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित सुखजीत सिंह ने थाना पतारा के प्रभारी राम किशन पर इंसाफ के बदले पैसे मांगने का आरोप लगाया है। सुखजीत सिंह के अनुसार 11-12 मई 2024 की रात उसकी ब्रेजा कार (पीबी08 एफसी 6165) घर के आंगन में खड़ी थी, तभी अचानक सायरन बजा और बाहर आकर देखा तो गाड़ी में आग लगी हुई थी। सूचना मिलने पर थाना पतारा पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पीड़ित ने गांव के ही दो व्यक्तियों पर रंजिश के चलते आग लगाने का शक जताया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का दावा है कि जब वह मामले की प्रगति जानने के लिए एसएचओ से मिला तो उससे 5 हजार रुपये की मांग की गई। इस संबंध में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसमें पैसों को लेकर बातचीत सुनी जा सकती है।
पीड़ित ने बताया कि उसने इस मामले में एसएसपी से भी मुलाकात की और अब हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। करीब दो साल बाद भी इंसाफ न मिलने से आहत होकर उसने प्रेस वार्ता कर उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।

