मोगा। शिरोमणि अकाली दल (बादल) के विधानसभा क्षेत्र मोगा के हलका इंचार्ज संजीत सिंह सनी गिल ने पावन पर्व राम नवमी के अवसर पर शहर के मेन बाजार स्थित डॉ. संजीव सूद के अस्पताल में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं और शहरवासियों को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में भक्ति का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्रीराम के भजन-कीर्तन किए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सनी गिल ने कहा कि रामनवमी का पर्व हमें मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम का जीवन हर व्यक्ति के लिए आदर्श है और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में सुख-शांति और भाईचारा कायम किया जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता और सद्भावना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम लोगों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रामनवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।

