सुनाम में रविवार को प्रदेश भर से आए मेडिकल प्रैक्टिशनर्स का आक्रोश सड़कों पर दिखा। मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन पंजाब ने तीसरी जोन स्तरीय रैली की और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा के आवास के बाहर रोष प्रदर्शन कर नाराजगी दर्ज कराई।रैली की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह कालख ने ‘आप’ सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले पार्टी ने मेडिकल प्रैक्टिशनर्स के साथ कई वादे किए थे लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। एसोसिएशन के प्रदेश प्रेस मीडिया इंचार्ज डॉ. मिट्ठू मोहम्मद ने बताया कि लगभग 3 लाख प्रैक्टिशनर्स ने सरकार बनाने में सहयोग दिया था लेकिन अब वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उनकी मुख्य मांग केवल ‘कानूनी पंजीकरण’ की है। डॉ. कालख ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ कई बैठकें की हैं। उन्होंने सरकार को केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु के मॉडल भी दिखाए हैं, जहाँ यह व्यवस्था पहले से लागू है लेकिन पंजाब सरकार टालमटोल कर रही है। एसोसिएशन ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो चौथी जोन रैली के बाद चंडीगढ़ कूच करेंगे ।

