जालंधर। पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत जिला प्रशासन ने ए.पी.जे. स्कूल के सहयोग से भव्य साइक्लोथॉन 4.0 का आयोजन किया। करीब 2 हजार प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर समाज के हर वर्ग को नशों के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया। डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और स्वयं अधिकारियों के साथ साइक्लोथॉन में भाग लेकर युवाओं को नशे के खिलाफ मजबूत जन आंदोलन खड़ा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और साथ ही जागरूकता अभियानों को भी तेज किया गया है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने की शपथ ली। साइक्लोथॉन 5, 10 और 21 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में आयोजित हुई, जिसमें जालंधर के साथ अन्य जिलों के युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष जरूरतों वाले बच्चों और प्रसिद्ध गायक दलविंदर दयालपुरी की प्रेरक प्रस्तुति ने माहौल को और ऊर्जा से भर दिया। यह आयोजन नशा मुक्त और रंगला पंजाब के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुआ।
मनमोहन सिंह

