मोगा जिले के लोगों को जल्द ही आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात मिलने जा रही है। गांव दुनेके में निर्माणाधीन 50 बेड वाले इमरजेंसी अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद मोगा तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अत्याधुनिक एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए मोगा हल्के की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी के तहत दुनेके में बनाए जा रहे इमरजेंसी अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे जल्द से जल्द पूरा करने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में विशेष रूप से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे गंभीर रूप से घायल अथवा बीमार मरीजों को तत्काल उपचार मिल सकेगा। यह ट्रॉमा सेंटर सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आपात स्थितियों में घायल होने वाले मरीजों के लिए बेहद लाभदायक सिद्ध होगा। वर्तमान समय में गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, लेकिन इस अस्पताल के शुरू होने के बाद स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय तथा आर्थिक दोनों स्तरों पर राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों का मानना है कि इस परियोजना के शुरू होने से स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा और हजारों परिवारों को सीधा लाभ पहुंचेगा। अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर का निर्माण न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करेगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति प्रदान करेगा। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि यह परियोजना शीघ्र पूरी होकर जनता को समर्पित की जाएगी, जिससे मोगा क्षेत्र के निवासियों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

