गुरुनगरी के लंबित विकास कार्यों और शहरवासियों की समस्याओं के समाधान को लेकर भाजपाईयों ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को रविवार आप सरकार के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर पूर्व सांसद श्वेत मलिक के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को शहर की प्रमुख समस्याओं और रुके विकास कार्यों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि गुरुनगरी में आप सरकार के कार्यकाल में एक भी विकास का प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो सका। यहां तक कि कानून व्यवस्था फेल हो चुकी है आए दिन गैंगस्टर शहर के कारोबारियों से फिरौती की मांग करते है। नशे को खत्म करने का वादा करने वाली सरकार के राज में हरेक जगह पर खुलेआम नशा बिक रहा है। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. हरविंदर संधू, पूर्व विधायक हरजिंदर सिंह ठेकेदार, परमजीत बतरा, पार्षद श्रुति विज मौजूद थे। बता दें कि पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के 51वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए अमृतसर पहुंचे थे।

