जालंधर। नीट पेपर लीक मामले क़ो लेकर जहाँ दिल्ली के जंतर मंतर में प्रदर्शन हो रहे है वहीं, इसका असर अब पंजाब के जालंधर में भी शुरू हो गया है। दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में युवा नेता रवीश राज शर्मा ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के सामने न्याय सत्याग्रह शुरू कर दिया है। इस सत्यग्रह के दौरान वह 12 घंटे की भूख हड़ताल पर रहेंगे व केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाएंगे। इस दौरान उन्होंने देशभर के लोगों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि यह न्याय सत्याग्रह किसी राजनीतिक दल के बैनर तले नहीं, बल्कि सामाजिक मंच से आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य केवल विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वह इस आंदोलन का समर्थन करें व युवाओं की आवाज को मजबूत बनाने में सहयोग दें। रवीश राज शर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार है। यदि विद्यार्थियों की मांगों का जवाब संवाद से देने के बजाय बल प्रयोग किया जाएगा तो इससे युवाओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होगा। रवीश राज शर्मा ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि जब-जब युवाओं ने अपने अधिकारों और देश के भविष्य के लिए आवाज उठाई है, तब-तब सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने मांग की है कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से हटाया जाए। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।

