आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल 19वें दिन भी जारी, नियमितीकरण और निजीकरण के विरोध में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

voice punjabtime
3 Min Read

 

मुकेरियां हाइडल चैनल के एसई सिविल डिजाइन एंड कंस्ट्रक्शन विभाग के कार्यालय के बाहर आउटसोर्स ठेका कर्मचारियों की अपनी मांगों को लेकर जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल 19वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने सरकार से बिना शर्त नियमितीकरण और विभाग के निजीकरण की नीति वापस लेने की मांग दोहराई।
धरने को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता मुकेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव के दौरान पंजाब के कच्चे और ठेका कर्मचारियों को संबंधित विभागों में मर्ज कर नियमित करने का वादा किया था,लेकिन सिविल डिजाइन एंड कंस्ट्रक्शन विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने संबंधी अब तक कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इसी कारण मुकेरियां हाइडल सिविल विंग के कर्मचारी अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर हैं।
उन्होंने बताया कि पावरकॉम और ट्रांसको आउटसोर्स कर्मचारी तालमेल समिति, पंजाब के आह्वान पर विभाग के निजीकरण का विरोध करते हुए यह हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब तक सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को बिना किसी शर्त के नियमित नहीं किया जाता। उन्होंने यह भी घोषणा की कि हाजीपुर स्थित सिविल इंजीनियर कार्यालय के बाहर धरना भी लगातार जारी रहेगा।
इस दौरान शहीद भगत सिंह नौजवान सभा के प्रदेश महासचिव धर्मिंदर मुकेरियां ने कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए आरोप लगाया कि पंजाब सरकार अपने चुनावी वादों से लगातार पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों को नियमित करने के बजाय टालमटोल कर रही है और पीएसपीसीएल पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए तो जनता आगामी विधानसभा चुनावों में इसका जवाब देगी।
वहीं, माझा संघर्ष समिति, होशियारपुर के अध्यक्ष रोशन खान ने भी धरने को संबोधित करते हुए बिजली विभाग के ठेका कर्मचारियों के आंदोलन को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मुकेरियां क्षेत्र की किसान जत्थेबंदियां भी इस संघर्ष के साथ मजबूती से खड़ी होंगी।
धरने में राजेश कुमार, मुनेश कुमार, अक्षय कुमार, टोनी, सुमीत कुमार, मनजीत कुमार, राकेश कुमार, विनोद कुमार, कुलदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में ठेका कर्मचारी और युवा नेता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *