150 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगालने के बाद पकड़े गए दो लुटेरे

voice punjabtime
2 Min Read

। शहर के नलकियां वाला चौक के पास शुक्रवार दोपहर करीब 62 वर्षीय महिला से दिनदहाड़े थैला छीनकर फरार हुए बाइक सवार दो लुटेरों को थाना सिटी पुलिस ने आखिरकार शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान वीरू निवासी कोठे खंजूरा और अमना निवासी गांव देहड़का के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना सिटी के इंचार्ज परमिंदर सिंह ने बताया कि शेरपुर कलां निवासी अमरजीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह घरेलू कामकाज के सिलसिले में जगराओं आई थी। शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह मेन बाजार से नलकियां वाला चौक की तरफ पैदल जा रही थी। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उसके हाथ में पकड़ा थैला कथित तौर पर छीन लिया और मौके से फरार हो गए। महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

शिकायत के अनुसार थैले में करीब 5,700 रुपये की नकदी, मोबाइल फोन, डॉक्टर की दवाइयों की फाइल और आधार कार्ड की कॉपी थी। वारदात दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।

पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए वारदात वाले स्थान के आसपास के अलावा उनके फरार होने वाले रास्तों पर लगे 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने कैमरों की फुटेज को एक-एक कर जोड़ते हुए आरोपियों की पहचान की और शनिवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी परमिंदर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपियों ने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और उनके खिलाफ पहले से कितने मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *