शहर के वार्ड नंबर 50 के उत्तरी सूरज नगर में आज सड़क निर्माण कार्य के तहत पी.सी. (प्रीमिक्स कारपेटिंग) डालने का काम शुरू करवाया गया। इस विकास कार्य का शुभारंभ डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने किया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर डिप्टी मेयर गौरव गर्ग, वार्ड इंचार्ज लखविंदर सिंह लखा, पूर्व पार्षद जसविंदर सिंह काका, पार्षद तीरथ राम, पार्षद देविंदर तिवाड़ी सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति और वार्ड निवासी मौजूद रहे। इस मौके पर डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करवाना और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं। अच्छी सड़कों से न केवल लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलती है, बल्कि क्षेत्र की समग्र व्यवस्था में भी सुधार होता है। उन्होंने आगे कहा कि वार्डवासियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। उनका प्रयास है कि लोगों को बेहतर सड़कें, साफ-सुथरा वातावरण और जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के विकास के लिए भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किए जाते रहेंगे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जाहिर की और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के प्रयासों की सराहना की।

