मुक्तसर। जिला पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए रुपए ऐंठने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को नामजद कर छह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। गिरोह के सदस्य महिलाओं के माध्यम से वीडियो काल कर लोगों को आपत्तिजनक वीडियो बना कर ब्लैकमेल कर उनसे रुपए ऐंठते थे। मामले में एक महिला सहित दो आरोपी अभी फरार हैं। थाना सदर मुक्तसर में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।आरोपियों में एक महिला सहित तीन लोगों पर पहले भी मामले दर्ज हैं।
एसएसपी डॉ. अखिल चौधरी ने बताया कि थाना सदर के अधीन आते एक गांव के निवासी गुरप्रीत सिंह नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई कि आरोपी जसमेल सिंह पुत्र गुरदेव सिंह वासी सुखना अबलू उसको उसका रिश्ता करवाने का बोल रहा था। 13 अप्रैल को वह अपने खेत में काम कर रहा था तो जसमेल सिंह ने कहा कि दो महिलाओं की स्कूटी खराब हो गई है और उनकी सहायता के लिए उसके साथ चलना है। गुरप्रीत सिंह उसके साथ चला गया और महिलाओं की सहायता की। इसके कुछ दिन बाद जसमेल सिंह गुरप्रीत को मुक्तसर में एक घर में ले गया जहां दो महिलाएं थी। एक ने गुरप्रीत को अपने साथ कमरे में जाने के लिए कहा। कमरे में जाने के बाद महिला ने अपने कपड़े उतार दिए और जसमेल सिंह ने दोनों की आपत्तिजनक वीडियो बना ली इसके बाद उक्त लोग गुरप्रीत को ब्लैकमेल करने लगे और उससे रुपए मांग रहे थे।
एसएसपी ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस टीमों का गठन कर कई स्रोतों का पता लगाने के लिए मानवीय खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी का उपयोग करते हुए गहन जांच की। मामले में आठ लोगों की गिरोह में पहचान हुई जिसमें हरजिंदर सिंह उर्फ अर्शदीप सिंह पुत्र मंगा सिंह वासी चक्क गिलजेवाला, जसमेल सिंह पुत्र गुरदेव सिंह वासी गांव सुखना अबलू,भोला सिंह पुत्र करनैल सिंह वासी आशा बुट्टर, गोरा सिंह पुत्र भजन सिंह वासी चक्क बीड़ सरकार,संदीप कौर पत्नी जगमीत सिंह वासी डोडा हाल निवासी चौकिंग वाली गली बठिंडा बाइपास मुक्तसर, मनजीत कौर पत्नी भोला सिंह वासी आशा बुट्टर, बूटा सिंह पुत्र राजा सिंह वासी बुट्टर व नेमपाल उर्फ निम्मो पत्नी गोरा सिंह वासी आशा बुट्टर के नाम शामिल हैं। इनमें हरजिंदर सिंह उर्फ अर्शदीप सिंह, जसमेल सिंह,भोला सिंह,गोरा सिंह,संदीप कौर, मनजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि बूटा सिंह और नामपाल उर्फ निम्मो की तलाश की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी हरजिंदर सिंह पर मुक्तसर के थाना सदर और सिटी में दो,गोरा सिंह पर थाना लंबी में एक और संदीप कौर पर थाना सिटी मलोट और थाना सिटी मुक्तसर में दो केस दर्ज हैं और थाना सिटी मुक्तसर के मामले में यह वांछित भी है। उन्होंने बताया कि यह लोग अभी तक लोगों से लाखों रुपये ऐंठ चुके हैं। कितने लोगों को अपने जाल में फंसाया और कितने लोग इनके साथ हैं, संबंधित पूछताछ गहनता से की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि जांच जारी है।

