मुख्यमंत्री-मेयर और आप नेताओं के इशारे पर नगर निगम अधिकारी सिर्फ बोर्ड उतार सकते जनता के दिलो से उतर चुकी आप को बचा नहीं सकते: अशोक सरीन हिक्की

voice punjabtime
4 Min Read

 

जालंधर। भारतीय जनता पार्टी जालंधर शहरी के जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने नगर निगम जालंधर द्वारा भाजपा के कार्यक्रमों से संबंधित लगाए गए बोर्डों और प्रचार सामग्री को हटाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्रवाई प्रशासनिक नहीं बल्कि पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार और उसके प्रभाव में काम कर रहे कुछ अधिकारी भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर लोकतांत्रिक अधिकारों का गला घोंटने का प्रयास कर रहे हैं।

 

अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि जिस पार्टी ने पंजाब की जनता से बड़े-बड़े वादे कर सत्ता हासिल की थी, वह आज अपने वादों की विफलता छिपाने के लिए राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही है। भाजपा के कार्यक्रमों के बोर्ड हटाना इस बात का प्रमाण है कि आम आदमी पार्टी जनता के बीच अपना विश्वास खो चुकी है और अब प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग करके भाजपा की आवाज दबाने की नाकाम कोशिश कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा के बोर्ड उतारने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि भाजपा किसी दीवार, खंभे या बोर्ड पर नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों और पंजाब की जनता के दिलों में बसती है। नगर निगम के अधिकारी यदि सत्ता के दबाव में भाजपा के बोर्ड हटाकर यह सोच रहे हैं कि इससे भाजपा का जनाधार कम हो जाएगा, तो यह उनकी सबसे बड़ी गलतफहमी है। जनता के दिलों में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जो विश्वास है, उसे कोई सरकारी आदेश या प्रशासनिक कार्रवाई समाप्त नहीं कर सकती।

 

हिक्की ने कहा कि आज पंजाब में कानून-व्यवस्था चरमराई हुई है, नशे का कारोबार बढ़ रहा है, उद्योग पलायन कर रहे हैं, युवा बेरोजगारी से परेशान हैं और नगर निगम बुनियादी सुविधाएं देने में विफल साबित हो रहा है। इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय आप सरकार भाजपा के कार्यक्रमों के बोर्ड हटाने में अपनी ऊर्जा लगा रही है। इससे स्पष्ट है कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को अपनी बात जनता तक पहुंचाने का अधिकार है। यदि केवल भाजपा को निशाना बनाया जा रहा है और अन्य दलों के प्रचार साधनों को अनदेखा किया जा रहा है, तो यह प्रशासन की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। भाजपा इस पक्षपातपूर्ण रवैये को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।

 

अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर आप सरकार की विफलताओं और उसके राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति को उजागर करेगा। उन्होंने कहा कि जितना भाजपा को दबाने का प्रयास किया जाएगा, उतनी ही मजबूती से भाजपा पंजाब में आगे बढ़ेगी। आम आदमी पार्टी को यह समझ लेना चाहिए कि बोर्ड हटाने से विचार नहीं हटते, पोस्टर उतारने से जनसमर्थन नहीं घटता और राजनीतिक प्रताड़ना से भाजपा का संघर्ष कमजोर नहीं होता।उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सब देख रही है और समय आने पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने तथा प्रशासन का राजनीतिक उपयोग करने वालों को करारा जवाब देगी।

नगर निगम अधिकारी आम आदमी पार्टी नेताओं को खुश करने के लिए पक्षपात से बचे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *