अमृतसर पुलिस ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल मॉड्यूल के 5 युवको को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से अवैध हथियार बरामद किया है। इसके बाद जब पुलिस ने एक बदमाश से हथियार बरामद करने की कोशिश की तो अमृतसर के झबाल रोड पर फतेहपुर इलाके में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई और इस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल भी हो गया। अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार पांचों आरोपी आईएसआई आतंकवादी नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने विदेशी गैंगस्टर जीवन फौजी के नेतृत्व वाले बीकेआई मॉड्यूल के 5 युवको को गिरफ्तार किया है। जिसमें नरेश कुमार उर्फ बबलू, अभिनव भगत उर्फ अभि, अजय कुमार उर्फ अजू, सन्नी कुमार और एक नाबालिग शामिल हैं। उन्होंने आगे बताया कि पांचों आरोपियों ने मिलकर एक और ग्रेनेड हमला करने की योजना बनाई थी। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बरामदगी अभियान के दौरान आरोपी अजय कुमार ने सर्विस हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं तथा भागने का प्रयास किया। इसके बाद अपराधी और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया और फिलहाल उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इस संबंध में इस्लामाबाद पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस की टीमें पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए काम कर रही हैं। जिससे अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हो सकेगी।

