संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक और किसान मजदूर मोर्चा की शनिवार को चंडीगढ़ में बैठक हुई। बैठक में किसानों की तरफ से स्पष्ट कर दिया गया है कि अगर पंजाब सरकार केंद्र के साथ उनकी बैठक में बैठेगी तो वह बैठक का हिस्सा नहीं बनेंगे। इस संबंध में जल्द ही मोर्चे की तरफ से केंद्र को एक पत्र लिखा जाएगा और पंजाब सरकार के प्रतिनिधि के बिना बैठक बुलाने की मांग की जाएगी। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि केंद्र सरकार ने हवाला दिया है कि अगर पंजाब सरकार को किसानों के साथ बैठक में नहीं बुलाया जाएगा तो यह संघीय ढांचे के लिए सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आज तक केंद्र ने संघीय ढांचे का सामान नहीं किया। इससे पहले तीन कृषि कानून लाने के समय राज्य से कोई विचार नहीं किया गया था। मोर्चे की तरफ से फैसला लिया गया है कि 6 मई को शंभू बॉर्डर पर एक बड़ा एक दिन का प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में पंजाब सरकार से उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी, जिन्होंने मोर्चा हटाते हुए किसानों पर जबर जुल्म किया।

