बीते कल, दो नकाबपोश लुटेरों ने बठिंडा में बरनाला बाईपास पर एक शराब की दुकान पर काम करने वाले एक ठेका कर्मचारी से 10000 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। कैंट थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। सीआईए स्टाफ की पुलिस लुटेरों का पीछा कर रही थी। बठिंडा के परसराम नगर में एक घर पर जब तीन लुटेरे मिले तो लुटेरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक पुलिस मुलाजिम सुखप्रीत सिंह घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल से रेफर कर एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इन लुटेरों का पीछा किया और बठिंडा नहर पर मुठभेड़ हुई जिसमें पुलिस ने तीन में से दो लुटेरे घायल कर दिए।
एसएसपी अमनीत कौंडल ने बताया कि इन लुटेरों ने पहले एक शराब दुकान करिंदे को लूटा था और हमारी सीआईए पुलिस उनका पीछा कर रही थी। रात को जब पुलिस उनके घर पहुंची तो लुटेरों ने पुलिस पर 32 बोर की रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी, जिसमें हमारे मुलाजिम जसप्रीत सिंह घायल हो गए और उन्हें एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। जब वे भागे तो नहर पर हमारा पुलिस बल तैनात था, जिसने उन्हें घेर लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन में से दो को गोली मारकर नीचे गिराया और दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। हमने कैनाल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ कर रहे हैं। यह भी पता चला है कि उन्होंने पिस्तौल किसी और से ली है। इन लोगों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं। उनकी गहन जांच की जाएगी।

