जगराओं के थाना सिधवां बेट के अधीन पड़ते जंडी गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

voice punjabtime
3 Min Read

जगराओं के थाना सिधवां बेट के अधीन पड़ते जंडी गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान जंडी निवासी हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। उनके सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला और भी पेचीदा हो गया है।

 

यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। बुधवार दोपहर तक जब हरजिंदर सिंह ने अपने घर का दरवाजा नहीं खोला, तो पड़ोसियों ने आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उनके भतीजे कुलजिंदर सिंह के पिता को सूचना दी गई।

 

कुलजिंदर सिंह ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो दीवार फांदकर घर के अंदर गए। उन्होंने देखा कि उनके चाचा हरजिंदर सिंह खून से लथपथ पड़े थे और उनके सिर पर गहरे चोट के निशान थे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। कुलजिंदर के अनुसार, उनके चाचा मंगलवार को गांव में चल रहे एक टूर्नामेंट को देखकर घर लौटे थे और अंदर से दरवाजा बंद कर सो गए थे।

 

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिधवां बेट की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के एक बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

 

जगराज सिंह ने जानकारी दी कि हरजिंदर सिंह की पहली पत्नी के निधन के बाद उन्होंने करीब 22 साल पहले कोकरी कलां की तरनजीत कौर से दूसरी शादी की थी। उनका एक बेटा विदेश में रहता है, जबकि दूसरा बेटा खेती का काम करता है। मृतक की पत्नी ने बताया कि घटना के समय वह और उनका बेटा घर पर मौजूद नहीं थे और हरजिंदर सिंह घर में अकेले थे।

 

जगराओं के एसपी (डी) राजन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *