मोगा के डीसी दफ्तर की पार्किंग में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक मोटरसाइकिल चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों और पार्किंग कर्मचारियों ने युवक को काबू कर लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक पार्किंग से मोटरसाइकिल चोरी कर फरार होने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कर्मचारियों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत उसे पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद लोगों ने उसकी जमकर पिटाई भी की। बताया जा रहा है कि युवक नशे का आदी है और इससे पहले भी वह डीसी दफ्तर की पार्किंग से एक एक्टिवा चोरी कर चुका है। उस घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आज जब वह दोबारा चोरी की कोशिश कर रहा था, तो पहचान कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में युवक ने कबूल किया कि वह नशे की लत के कारण चोरी करता है और “चिट्ठा” व मेडिकल नशा करता है। वहीं पार्किंग ठेकेदार बीरेंद्र ने बताया कि युवक ने पहले भी पार्किंग से एक्टिवा चोरी की थी, जिसका नुकसान उन्हें भरना था आज एक्टिवा के मालिक को 50 हजार अपने जेब से देना था। आज आरोपी को मोटरसाइकिल चोरी करते रंगे हाथों पकड़ लिया गया। फिलहाल आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

