मोगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 34.50 लाख की संपत्ति फ्रीज
मोगा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक नशा तस्कर की करीब 34.50 लाख रुपये की संपत्ति को फ्रीज कर दिया। जानकारी के अनुसार, थाना बाघापुराना के डीएसपी दलबीर सिंह ने बताया कि पंजाब के डीजीपी के दिशा-निर्देशों और वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में मोगा पुलिस लगातार नशा तस्करों पर सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में बाघापुराना पुलिस ने 6 मई 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत दर्ज मामले में आरोपी गुरतेज सिंह उर्फ तेजा, निवासी गांव राजियाना, तहसील बाघापुराना, जिला मोगा, की संपत्ति को फ्रीज किया है। इस मामले में पहले आरोपी के कब्जे से 255 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने यह संपत्ति नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की थी। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(F) के तहत केंद्र सरकार के सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त कर लगभग 34,50,500 रुपये मूल्य की रिहायशी संपत्ति को फ्रीज किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी गुरतेज सिंह के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। मोगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नशा तस्करों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को जब्त किया जाता रहेगा।

