जालंधर। महानगर जालंधर में बुधवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर से श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। यह शोभायात्रा शहर के 11 प्रमुख मार्गों से होते हुए देर शाम पुनः मंदिर में ही विश्राम लेगी। यात्रा को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला।
शोभायात्रा में शामिल होने के लिए हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया श्री देवी तालाब मंदिर पहुंचे। उनके साथ पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्विनी शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, पंजाब पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के सलाहकार दीपक वाली सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। मंदिर पहुंचने पर सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया।
नवरात्र के अवसर पर 24 मार्च से मंदिर में श्री रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया था, जिसका आज विधिवत भोग डाला गया। आयोजकों के अनुसार, शोभायात्रा में पंजाब के अलावा राजस्थान से आई बैंड पार्टियां और आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
ये रहेगा शोभायात्रा का रूट
यात्रा श्री देवी तालाब मंदिर से शुरू होकर अड्डा होशियारपुर चौक पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। इसके बाद लव कुश चौक (मिलाप चौक), श्री वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक), बस्ती अड्डा चौक और पटेल चौक से होते हुए पुनः मंदिर मार्ग की ओर रवाना होगी। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई है।
ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था
शोभायात्रा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है। फाटक टांडा, अड्डा होशियारपुर चौक, पंजपीर चौक, भगत सिंह चौक, फगवाड़ा मार्किट, लवकुश चौक, श्री राम चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, बस्ती अड्डा चौक, पटेल चौक और माई हीरां गेट क्षेत्र में वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी।
भक्तिमय माहौल में निकली यह शोभायात्रा शहर में आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दे रही है।

