जालंधर। नागरा रोड स्थित भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के एक्सचेंज में सोमवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरे परिसर को धुएं और लपटों से घेर लिया। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आग की वजह से शहर के बड़े हिस्से में संचार सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गईं। मकसूदां, लिधड़ा, विधिपुर और नुस्सी समेत कई इलाकों में इंटरनेट, लीज लाइन और टेलीफोन सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं, जिससे आम लोगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ मनीष कुमार, जेटीओ चमकौर सिंह और प्रीत मोगल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सेवाओं को बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

