मोगा में LPG गैस को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म, प्रशासन ने कहा—कोई कमी नहीं

voice punjabtime
3 Min Read

 

जिले में एलपीजी गैस की कमी को लेकर लगातार चल रही खबरों के बीच लोगों में पैनिक का माहौल बन गया है। गैस एजेंसियों के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हालांकि, इन खबरों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। इसी कड़ी में आज मोगा जिला फूड सप्लाई अधिकारी जसविंदर सिंह ने अपनी टीम के साथ शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने गैस की उपलब्धता और सप्लाई व्यवस्था की जांच की तथा लाइन में लगे उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें, जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है।

वहीं, गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग करीब 25 दिनों के अंतराल के बाद हो रही है, लेकिन बुकिंग के एक-दो दिन के भीतर ही सिलेंडर मिल रहा है। कुछ लोगों ने बताया कि वे दो-तीन घंटे से लाइन में लगे हुए हैं, जबकि कई उपभोक्ताओं ने कहा कि उन्होंने एक दिन पहले ही बुकिंग करवाई थी और अगले दिन सिलेंडर मिल गया।

गैस एजेंसी संचालक अविनाश गुप्ता ने भी स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि लोग सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के कारण बेवजह घबरा रहे हैं। एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं के घर तक सिलेंडर की नियमित डिलीवरी की जा रही है और गांवों में भी सप्लाई सुचारू रूप से भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि बुकिंग प्रक्रिया में किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया गया है और सभी को समय पर गैस उपलब्ध करवाई जा रही है।

फूड सप्लाई अधिकारी जसविंदर सिंह ने दोहराया कि सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैल रही है, जिससे लोग भ्रमित हो रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बुकिंग के बाद घर पर ही सिलेंडर मंगवाएं और अनावश्यक रूप से एजेंसियों के बाहर भीड़ न लगाएं। प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और गैस की सप्लाई में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *