मोगा के हाकम का अगवाड़ तथा चौक शेखां के नजदीक पीपल के नजदीक क्षेत्र में बने दो आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का मोगा हलके की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने उद्घाटन किया। इस मौके पर मेयर प्रवीण कुमार शर्मा, आम आदमी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी गुरविंदर सिंह बब्बू,पार्षद किरण हुंद, सेहत विभाग व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर अपने संबोधन में हलका विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। इस केंद्र के शुरू होने से लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज दूर अस्पतालों चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विधायक डा अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि इस आयुष्मान आरोग्य केंद्र खुलने से आसपास के तीन वार्डों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अब मरीजों को सामान्य बुखार, सर्दी-खांसी, चोट या प्राथमिक इलाज के लिए सिविल अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। केंद्र में मुफ्त दवाइयां, बेसिक जांच और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इस मौके पर नगर निगम के मेयर प्रवीण शर्मा ने कहा कि शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं गुरविंदर सिंह बब्बू ने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से आसपास के तीन वाडों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सेहत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यहां पर प्राथमिक उपचार जांच और आवश्यक दवाइयों सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। सेहत विभाग की अधिकारी डॉ. रितु जैन के अनुसार जिले में पहले से 28 मोहल्ला क्लीनिक और 96 आयुष्मान आरोग्य केंद्र संचालित हो रहे हैं। अब इस केंद्र के शुरू होने के साथ ही लोगों को घर के नजदीक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

