जगराओं में ज्वेलर्स की दुकान में सेंधमारी, लाखों के गहने चोरी

voice punjabtime
2 Min Read

 

जगराओं। शहर के रानी झांसी चौक के नजदीक बने नशा छुड़वाओ केंद्र के पास स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में चोरों ने देर रात सेंधमारी कर लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए दुकान के पीछे स्थित नशा छुड़वाओ केंद्र की तरफ से दीवार में सेंध लगाई। चोरों ने दीवार में इतना बड़ा छेद कर दिया कि एक व्यक्ति आसानी से अंदर प्रवेश कर सके। इसके बाद चोर दुकान के अंदर घुसे और वहां रखे कीमती गहनों को चोरी कर लिया।

बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार देर रात की है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब दुकान मालिक रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा हुआ देखकर हैरान रह गए। दुकान बाहर से बंद थी, जिससे पहले तो उन्हें समझ नहीं आया कि चोरी कैसे हुई। जब उन्होंने अंदर अच्छी तरह जांच की तो पता चला कि चोर पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे थे।

चोर वारदात को अंजाम देने के बाद दुकान में रखी सीढ़ी की मदद से उसी छेद के रास्ते बाहर निकल गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी की पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। रानी झांसी चौक से लेकर संबंधित दुकान तक सभी दुकानों के कैमरे चेक किए जा रहे हैं ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी ज्वेलर्स की दुकान के पास स्थित अन्य दुकानों से 9 एसी के तांबे के पाइप चोरी होने की घटना सामने आ चुकी है, जिससे इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *