जगराओं, जगराओं के नजदीकी गांव माणूंके में देर रात अज्ञात हमलावरों द्वारा एक घर के मुख्य गेट पर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। गोलियों की आवाज सुनकर पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। हमलावरों ने गेट पर लगातार कई राउंड फायर किए, जिससे गेट क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।
पीड़ित प्रगट सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे कुछ अज्ञात व्यक्ति उनके घर के बाहर पहुंचे और हमला करने की नीयत से मुख्य गेट को निशाना बनाया। आरोपियों ने 4 से 5 राउंड फायरिंग की, जिससे गेट को नुकसान पहुंचा। गोलियों की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य सहम गए और सुरक्षा के लिए घर के अंदर ही दुबके रहे।
आशंका जताई कि वारदात किसी पुरानी निजी रंजिश का परिणाम हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह, थाना हठूर के एसएचओ तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की जांच फोरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।
डीएसपी रायकोट जसवीर सिंह मुराद ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

