मोगा पुलिस ने मोटरसाइकिल लूट, एक्टिवा एवं अन्य वाहनों की चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल कर लिया है और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है। जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को सुमीत कुमार पुत्र शिव कुमार, निवासी कुरुक्षेत्र (हरियाणा), जो मोगा में नौकरी करता है, अपने घर जा रहा था। इसी दौरान चक्की वाली गली में तीन लुटेरों ने तलवार की नोक पर उसका मोटरसाइकिल छीन लिया था। वारदात के दौरान आरोपी सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे, जिसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोगा पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोटरसाइकिल तथा वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली है। SHO इंस्पेक्टर बरुन कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड लिया गया है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इससे पहले इन्होंने कितनी वारदातों को अंजाम दिया है तथा इनके गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता
है।

