मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि सब-डिवीजन धर्मकोट पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ और गांवों में चलाए जा रहे पहरेदार अभियान के तहत 12 जून 2026 से 19 जून 2026 तक विशेष कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 11 मामले दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से 95 ग्राम हेरोइन और 613 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा नशा करने वाले 5 व्यक्तियों को नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल करवाया गया।
पुलिस ने चोरी के 3 मामलों को भी सुलझाते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी ने बताया कि नशा विरोधी अभियान में आम जनता का सहयोग लेने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों और समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठकें कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। मोगा पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा नशे के खात्मे के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

